नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बंगले का टेंडर रद्द कर दिया गया है। यह टेंडर सीएम रेखा गुप्ता के सरकारी बंगले के सौंदर्यीकरण के लिए जून महीने जारी हुआ था। करीब 59 लाख का टेंडर जारी किया गया था जिस पर खूब राजनीतिक बवाल होने के बाद अंतत टेंडर रद्द कर दिया गया है।
सीएम ने राजनिवास मार्ग स्थित बंगले को अपने सरकारी आवास के लिए चुना था। यहां स्थित बंगला नंबर एक में वह स्वयं रहेंगी तो दूसरे में उनका दफ्तर होगा। लोकनिर्माण विभाग ने यहां सौंदर्यीकरण के लिए 59,40,170 रुपये की लागत से इलेक्ट्रिकल समेत अन्य कार्य होने का टेंडर जारी किया था।
सौंदर्यीकरण में खर्च होने वाली राशि को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस नेताओं ने निशाना साधा था। बंगले के दूसरे हिस्से में जहां जनसेवा सदन का शुभारंभ हुआ, गत 4 जुलाई को काफी धूमधाम से हवन-पूजा कराया गया था।
