नोएडा। पार्क में लगी बेंच भी बच्चों के लिए जानलेवा हो सकती है। हाल ही में एक ऐसी दुर्घटना हुई है जिसने सभी को इन बेंचों से डरा दिया है। दरअसल नोएडा के कंचनजंगा मार्केट के पास के सड़क नंबर 3 पर स्थित एक पार्क में एक छोटी बच्ची ने खेल-खेल के दौरान पार्क में स्थित बैंच की छेद पर अपनी उंगलियां फंसा ली। उसकी उंगली पार्क में लगी लोहे की बेंच के छेद में बुरी तरह से फंस गई। जब बच्ची बेंच से उंगली बाहर नहीं निकाल पाई तो रोने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर आस-पास के लोग उसकी मदद करने के लिए पहुंचे। फायर वक्र्स टीम और आस-पास के मैकेनिकों की मदद से बड़ी मुश्किल से बेंच को काटा गया।
कटे हुए लोहे के टुकड़ों के साथ बच्ची का हाथ करीबन 6 घंटे तक फंसा रहा। उसे उसी हालत में अस्पताल ले जाया गया। लंबे समय तक उंगलियों के छेद में फंसे रहने की वजह से बच्ची की उंगलियों में खून का प्रवाह भी बंद हो गया था और दोनों हाथ की उंगलियां सूज गई थीं। डाॅक्टरों और फायर वक्र्स की टीम की मदद से मेटल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बड़ी मुश्किल से उंगलियां बाहर निकाली गईं। फिलहाल बच्ची खतरे से बाहर है। ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसलिए कृपया इस खबर को ध्यान में रखें और पार्क में खेलने के दौरान ऐसे बेंचों से बच्चों को दूर रखें।
सोशल मीडिया एक्स पर बच्ची के बेंच में फंसी उंगली का वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
