भिलाई # सीजी। छावनी चौक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक फोम मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गदा फोम निर्माण करने वाली जगदम्बा इंडस्ट्रीज में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा आ गया। आग बुझने में 17 टैंकर पानी का उपयोग किया गया। घटना में करोडों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना शुक्रवार सुबह की है। फैक्ट्री ओमप्रकाश शर्मा की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की चार दमकल टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि आग पूरी फैक्ट्री में फैल चुकी थी। फोम जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी के कारण आग बुझाना चुनौतीपूर्ण था।

अग्निशमन कर्मियों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से मोर्चा संभाला और लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।आग की भयावहता को देखते हुए एसीसी सीमेंट अग्निशमन दल और भिलाई इस्पात संयंत्र की अग्निशमन टीम को भी सहायता के लिए बुलाया गया। सभी टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *