नई दिल्ली। यमुना नदी को जल्द ही राष्ट्रीय जलमार्ग के रूप में परिवर्तित किया जाएगा। यह दिल्ली से प्रयागराज तक फैला होगा और इससे बाकायदा यात्राएँ और व्यापार भी किए जाएँगे। इस बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट किया है ।
पोस्ट में लिखा है, ‘दिल्ली सरकार जनहित में निरंतर ऐतिहासिक कदम उठा रही है, जो राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं। इस कड़ी में, मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि 2016 अंतर्देशीय जलमार्ग अधिनियम के तहत यमुना को राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो जगतपुर (दिल्ली) से प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) तक फैला होगा। इस परियोजना के अंतर्गत, नदी नाव पर्यटन/फेरी सेवाओं के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस पहल से जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, दिल्ली के आर्थिक और पर्यावरणीय विकास को गति मिलेगी, साथ ही हरित परिवहन के विकास और यमुना किनारे रहने वाले लोगों की आजीविका में सुधार होगा|’
