पटना (एजेंसी)। बिहार विधानसभा में बुधवार को भी तू तू मैं मैं का दौर जारी रहा। आरजेडी नेता राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार को गंजेड़ी कह दिया वहीं नीतीश कुमार भी विधान परिषद में राबड़ी देवी पर फिर भड़क गए। गहमा-गहमी के बीच राबड़ी देवी के साथ विपक्ष ने सदन का बहिष्कार कर दिया।

राबड़ी देवी ने कहा, ‘नीतीश कुमार भांग पीकर सदन में आते हैं| वह महिलाओं का अपमान करते हैं, जिनमें मैं भी शामिल हूं| उन्हें देखना चाहिए कि जब हम सत्ता में थे तो हमने किस तरह का काम किया था| उनके आस-पास के लोग जो कहते हैं, वह वही बोलते हैं| उनकी अपनी पार्टी के सदस्य और कुछ बीजेपी नेता उनसे ऐसी बातें कहने के लिए कह रहे हैं|

राबड़ी देवी की तरफ इशारा कर नीतीश कुमार ने विधान परिषद में कहा कि इन लोगों के समय में कोई काम होता था क्या! हम आए तो एक-एक काम किए| हिंदू-मुसलमान का झगड़ा खत्म किए| महिलाओं के लिए पहले कोई काम नहीं होता था| हम आरक्षण दिए| सब काम किए| इसके बाद नीतीश और राबड़ी में बहस हो गई| सभापति ने नीतीश कुमार और राबड़ी देवी को बैठने के लिए कहा ।

राबड़ी ही नहीं, उनके बेटे तेजस्वी यादव ने भी नीतीश पर हमला बोला| तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार अचेत अवस्था में हैं| लगातार महिलाओं का अपमान कर रहे हैं| उन्हें त्यागपत्र दे देना चाहिए|

By Pooja Patel

प्रोड्यूसर एंड सब एडिटर डेली हिन्दी मिलाप हैदराबाद, दैनिक भास्कर, नई दुनिया, भास्कर भूमि, राजस्थान पत्रिका में 14 वर्ष का कार्यानुभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *