नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ( डीएमआरसी) ने बुधवार को गोल्डन लाइन पर फेज 4 के अंडरग्राउंड सुरंग का निर्माण कार्य पूरा कर लिया। डीएमआरसी ने यह अंडरग्राउंड स्टेशन तुगलकाबाद -एयरोसिटी कॉरिडोर के वसंत कुंज स्टेशन पर बनाया है। इस मौके केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सुरंग शिलान्यास समारोह का उद्घाटन किया। खट्टर ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) तथा परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि 26 किलोमीटर लंबी यह गोल्डन लाइन समय पर पूरी हो जाएगी, जिससे दिल्ली के लोगों को आने-जाने में बहुत सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि एयरोसिटी-तुगलकाबाद प्रोजेक्ट गोल्डन लाइन की सुरंग का काम पूरा हो गया है और ये बहुत खुशी की बात है। इस नई लाइन के बनने से गुरुग्राम में रहने वालों को भी बहुत फायदा होगा।
मनोहर लाल ने आगे बताया कि छतरपुर मेट्रो स्टेशन पर गोल्डन लाइन के लिए इंटरचेंज की सुविधा होगी। ऐसे में गुरुग्राम से भी लोग इस मेट्रो लाइन में सवार हो सकेंगे। इसके अलावा उन्होंने बताया कि गोल्डन लाइन पर पुरानी दिल्ली, जहांगीरपुरी आने-जाने वाले लोगों को भी फायदा मिलेगा। इसके बनने से बल्लभगढ़ और आईएसबीटी के लोग भी तुगलकाबाद से जुड़ सकेंगे।
गोल्डन लाइन आधिकारिक तौर पर दिल्ली मेट्रो की लाइन 10वीं है। इस लाइन पर कुल 15 स्टेशन पड़ेंगे। वहीं इस लाइन का रूट 25.82 किमी का है। गोल्डन लाइन महिपालपुर, छतरपुर, वसंत कुंज, आईसीएनओयू, साकेत और संगम विहार के माध्यम से दिल्ली एयरोसिटी को तुगलकाबाद से जोड़ता है।
