गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के 2 उपडाकघर में 1 करोड़ से अधिक के घोटाला सामने आया है।एक हफ्ते पहले गोंडा के मनकापुर स्थित उपडाकघर में 37 लाख का घोटाला हुआ था। वहीं एक और उप डाकघर में 67 लाख का घोटाला सामने आया है। डाकघर में पैसे जमा करने वाले ग्राहकों के पैसे को यहां के 10 कर्मचारियों को बंदरबांट कर गबन कर लिया। ग्राहकों द्वारा जमा किए जाने वाले पैसों की फर्जी कागजी इंट्री कर इसे मेन इंट्री में नहीं डाला गया। ऐसे करते हुए डाकघर के कर्मचारियों ने करीब 67 लाख रुपए गबन कर लिए। जब ग्राहक अपने पैसे निकालने पहुंचे तब पता चला कि उनके खातों में तो पैसे ही जमा नहीं हुए हैं। ग्राहकों द्वारा इसकी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की गई। इसके बाद इन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। डाकघर की इस घटना ने ग्राहकों का डाकघर के प्रति विश्वास हटा दिया है। अब ज्यादातर लोग डाकघर से अपने पैसे निकालने में लगे हुए हैं।
