नई दिल्ली । दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) और जल विभाग ने नया हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। दिल्ली के पीडब्ल्यूडी और जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर इसकी जानकारी साझा की है। इसके अनुसार, अब दिल्ली वाले PWD से जुड़ी शिकायतों के लिए 1908 और जल बोर्ड से जुड़ी समस्याओं के लिए 1916 नंबर डायल कर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। दिल्ली में लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार का यह बड़ा कदम माना जा रहा है। जलमंत्री ने अपने सोशल मीडिया ‘X’ अकाउंट पर लिखा, “एक महीने पहले जब पहली बार PWD विभाग की मीटिंग ली तो मैंने पूछा की आपके विभाग का हेल्पलाइन नंबर क्या है तो वरिष्ट 20 अधिकारियों में से एक को भी याद नहीं था। फिर कागज पढ़कर बोला- 1800110093। दस डिजिट का नंबर किसको याद रह सकता है। शायद इसी लिए पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार ने लंबा नंबर लिया हो ताकि याद न रहे और शिकायत भी न आए।मैंने सोचा जब इन्ही को याद नहीं है तो जनता को कैसे याद रहेगा। तब मैंने भारत सरकार से 4 डिजिट का नंबर देने के लिए कहा। अब 1908 नंबर मिल गया है और शुरू भी हो गया है। कोई भी अब PWD से जुड़ी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जबकि जल बोर्ड से जुड़ी शिकायतों के लिए 1916 नंबर जारी किया गया है।”
