फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर 88 स्थित एसआरएस हिल्स सोसाइटी में एक बुजुर्ग ने पांचवी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक 67 वर्षीय कुबेर नाथ शर्मा थे। पुलिस की जानकारी के अनुसार, उनकी जेब से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें उन्होंने बहु और बेट द्वारा उन्हें चप्पल से पीटे जाने की बात कही है। इसी से दुखी होकर बुजुर्ग ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर बेटे और बहु के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया। मृतक की बहु निजी कंपनी में शिक्षक है, जबकि बेटा आईटी कंपनी में कार्यरत है।
सुसाइड नोट में लिखा था, “मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं, किसी ने मुझे धक्का नहीं दिया। बेटा और बहू चप्पल से मारेंगे तो जीने से अच्छा मरना है। इसमें किसी का दोष नहीं है, सब ऊपर वाले की मर्जी है। मेरे जानने वाले सभी भाई बहनों को प्रणाम। घर का कैमरा सबूत है।”
इसके बाद पुलिस ने उनके बेटे शैलेश कुमार शर्मा और बहू आकांक्षा कुशवाहा को पूछताछ के लिए बुलाया। बेटे ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन उन्होंने सुबह नाश्ता किया और टहलने चले गए। दोपहर में जब वह उन्हें ढूंढ रहे थे, तभी तेज आवाज सुनकर देखा कि उनके पिता नीचे गिरे पड़े थे। उन्होंने बताया कि पिता की तबीयत खराब थी और शायद इस वजह से उन्होंने आत्महत्या कर ली।
घटना के समय कुबेर नाथ शर्मा की पत्नी गांव गई थीं। एसएचओ संग्राम दहिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य सबूतों पर निर्भर करेगी।
