प्रयागराज। महापर्व महाकुंभ में श्रद्धालु देश और विदेश से प्रयागराज पहुंच रहे है। रेलवे भी महाकुंभ के लिए 13,000 स्पेशल ट्रेन चला रहा है। इसी सिलसिले में पश्चिम रेलवे भी कुंभ मेले में जाने वाले यात्रियों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए अपने क्षेत्राधिकार के विभिन्न स्टेशनों से स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। पश्चिम रेलवे के मुताबिक, पश्चिम रेलवे द्वारा महाकुंभ मेले दौरान स्पेशल ट्रेनों के 113 फेरे चलाये जा रहे है। इनमें मध्यप्रदेश के रतलाम, इंदौर, उज्जैन के अलावा महाराष्ट्र के मुंबई और गुजरात के सूरत, अहमदाबाद, गांधी नगर, राजकोट, वडोदरा, भरुच, भुज, भावनगर जैसे बड़े शहर शामिल है। इन बड़े स्टेशन सहित दूसरे विभिन्न शहरों से 98 फेरे वाली 11 जोड़ी ट्रेनें उत्तर प्रदेश के बनारस, प्रयागराज और लखनऊ जैसे गंतव्यों के लिए चलाई जा रही हैं।
इस बीच बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए रेलवे ने 15 अतिरिक्त वन-वे स्पेशल ट्रेन चलने की भी योजना बनाई है। इनमें अच्छी भीड़ देखी जा रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि, कुंभ के अमृत स्नान यानी 13 और 14 जनवरी के साथ ही अब तक और अगले अमृत स्नान यानी 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के लिए अब तक पश्चिम रेलवे ने 31 हजार से ज्यादा पीएनआर केवल प्रयागराज और छिंवकी के लिए जारी कर चुका है। पीएनआर में करीब छह यात्री के टिकट बुक किए जा सकते है। 10 जनवरी से 16 जनवरी तक करीब 61 हजार से ज्यादा यात्री यात्रा कर चुके हैं।
