प्रयागराज। महाकुंभ में मौनी अमावस्या पर संगम में डुबकी लगाना काफी महंगा पड़ सकता है। मौनी अमवस्या को लेकर महाकुंभ स्थल में महंगाई जोरों पर है। सरकार और मेला प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। दूसरी ओर मौनी अमावस्या पर अधिकतर टेंट और होटल पहले ही बुक हो चुके हैं, जो बचे हैं वह मनमानी कीमत मांग रहे हैं। यहां निजी टेंटों और होटलों ने मौनी अमावस्या के दिन के लिए किराये में तीन गुना तक बढ़ोत्तरी कर दी गई है।
होटलों का किराया काफी ज्यादा हो गया है। जिस होटल का किराया अब तक छह-सात हजार रुपये था, वह मौनी अमावस्या पर 22 हजार से अधिक हो गया है। वहीं निजी टेंट में जिसका किराया 15 हजार था, वह मौनी अमावस्या पर 45 हजार पहुंच गया है।
वहीं विशेष लग्जरी काॅटेज में तीन रात रुककर आस्था की डुबकी लगाने के लिए आपको 2.40 लाख रुपये खर्च करने होंगे, जबकि डोम सिटी में प्रतिदिन के हिसाब से 91 हजार रुपये तक खर्च करने होंगे। इनमें रहने के साथ ही नाश्ते और खाने सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रहीं हैं। महाकुंभ में मौनी अमावस्या के दिन संगम पर स्नान करना विशेष रूप से पुण्यकारी माना गया है।
मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से व्यक्ति को पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है। पितरों को तर्पण किया जाता है। इसे मोक्ष प्राप्ति का मार्ग भी माना गया है। इस दिन मौन धारण कर गंगा स्नान और ध्यान करने से मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है। इसकी महत्ता को देखते हुए ही सरकार की ओर से आठ से 10 करोड़ श्रद्धालुओं के मौनी अमावस्या पर आस्था की डुबकी लगाने की संभावना जताई गई है।
सिविल लांइस स्थित होटलों की अधिकतर बुकिंग फुल है, जो दो-तीन कमरे उपलब्ध हैं, उनका किराया 22500 रखा गया है। इसी प्रकार अरैल स्थित संगम सेरेनिटी टेंट सिटी में मौनी अमावस्या पर 45 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से बुकिंग की जा रही है। डोम सिटी का न्यूनतम किराया 35 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से है, जबकि ऊपरी फ्लोर के लिए 91 हजार रुपये प्रतिदिन किराया निर्धारित किया गया है। इसके अलावा अन्य होटलों और टेंटों में भी मनमानी कीमत मांगी जा रही है।
महाकुंभ में आईआरसीटीसी की ओर से भी टेंट सिटी लगाई गई है, जिसका किराया 18 से 20 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। स्नान पर्व पर तीन रात की बुकिंग कराना अनिवार्य है, यानी अगर आप मौनी अमावस्या पर एक या दो दिन की बुकिंग कराएंगे तो स्वीकार नहीं की जाएगी।
