भिलाई। थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत घरेलू चोरी के एक मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घर में काम करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने पुराने परिचय और विश्वास का फायदा उठाकर घर से सोने-हीरे के कीमती आभूषण चोरी किए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर 24 घंटे से कम समय में चोरी का खुलासा कर दिया। आरोपी के कब्जे से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-हीरे के आभूषण बरामद कर विधिवत जप्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल जैन, निवासी HIG-157, मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने, पद्मनाभपुर, दुर्ग ने घर से सोने-हीरे के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट थाना पद्मनाभपुर में दर्ज कराई थी। मामले में थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 91/2026 के तहत धारा 331(4), 305(1) बीएनएस में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली, साथ ही तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह पहले से ही प्रार्थी के घर में घरेलू कामकाज करती थी और विश्वास में लेकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने आरोपी की पहचान कविता देशलहरे (36 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, थाना नेवई के रूप में की है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए गहनों को बरामद किया है।
- जब्त सामग्री : हीरे जड़ी सोने की चैन (1 नग), मंगलसूत्र (2 नग), नेकलेस (1 नग), कान के झुमके (2 नग), चांदी का करधन (1 नग), बड़ी पायल (1 नग), छोटी पायल (1 नग), बिछिया (2 नग)।
