दुर्ग। पदमनाभपुर थाना पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास के तहत शराब तस्करी के एक नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दीगर राज्य से लाई गई बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब, दो मोबाइल फोन और एक एक्टीवा वाहन जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर केन्द्रीय जेल दुर्ग भेजा गया।
ग्राम धनोरा निवासी संतोष गिरी अपने साथी राज नायक के साथ मिलकर एक्टीवा वाहन में अवैध शराब रखकर बिक्री के लिए बोरसीभाठा रेलवे फाटक की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की और दोनों को मौके पर पकड़ लिया।जांच के दौरान आरोपी राज नायक की एक्टीवा से प्लास्टिक बोरी में रखी 10 बोतल रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। वहीं संतोष गिरी के पास से एक कार्टन में भरे 48 पौवा रॉयल ब्लू माल्ट व्हिस्की जब्त की गई। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 78 हजार 200 रुपये आंकी गई है। बरामद शराब पर किसी प्रकार का होलोग्राम नहीं मिला।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य तीन साथियों के साथ मिलकर दीगर राज्यों से शराब लाते थे और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में उसकी बिक्री करते थे। मामले में पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट और धारा 111(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। फरार तीन अन्य आरोपियों की पतासाजी और जांच जारी है।
#CGNews | #Chhattisgarh| #bhilai
