Delhi| भारत में आयोजित होने वाले इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की तैयारियों के तहत, राजस्थान रीजनल एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस 2026 का आयोजन 6 जनवरी, 2026 को जयपुर में किया जाएगा। यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय मंच के रूप में कार्य करेगा, जहां यह पता लगाया जाएगा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता किस प्रकार शासन सुधार, आर्थिक विकास, नवाचार और समावेशी विकास को गति प्रदान कर सकती है।

इस सम्मेलन में भारत सरकार और राजस्थान सरकार के वरिष्ठ नेतृत्वकर्ता भाग लेंगे, जिनमें भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी एवं वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राजस्थान सरकार के सूचना एवं संचार मंत्री कर्नल राजवर्धन राठौर सहित अन्य शामिल हैं।

राजस्थान क्षेत्रीय एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस में राज्य के एआई इकोसिस्टम को मजबूत करने, नवाचार को बढ़ावा देने और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में एआई को तेजी से अपनाने में के उद्देश्य से महत्वपूर्ण घोषणाएं और समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

सम्मेलन के एजेंडे में सार्वजनिक सेवा वितरण और शासन के लिए एआई, नैतिक और उत्तर दायित्वपूर्ण एआई, एआई और रोजगार एवं कौशल का भविष्य, तथा राजस्थान के एआई स्टार्टअप और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के उद्भव पर उच्च स्तरीय सत्र शामिल होंगे। चर्चाओं में डिजिटल ट्विन्स और एआई-आधारित अवसंरचना नियोजन जैसे उन्नत अनुप्रयोगों और इस बात से संबंधित रणनीतिक प्रश्नों पर भी विचार किया जाएगा कि क्या एआई भारत को आउटसोर्सिंग-आधारित मॉडल से विश्व स्तरीय बौद्धिक संपदा सृजन की ओर छलांग लगाने में सक्षम बना सकता है।

इसके अतिरिक्त, विशेषज्ञ वैश्विक एआई, राष्ट्रीय एआई और क्षेत्रीय एआई रणनीतियों पर अपने विचार साझा करेंगे, जिसमें आईआईटी जोधपुर द्वारा लाया गया एक समर्पित अकादमिक और अनुसंधान दृष्टिकोण शामिल होगा, जो स्थानीय स्तर पर आधारित लेकिन वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक एआई समाधानों को आकार देने में संस्थानों की भूमिका पर प्रकाश डालेगा।

राजस्थान डिजीफेस्ट × टीआईई ग्लोबल समिट 2026 के साथ आयोजित यह सम्मेलन, डिजिटल नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों के केंद्र के रूप में राजस्थान की बढ़ती महत्वाकांक्षा को रेखांकित करता है। क्षेत्रीय एआई इम्पैक्ट कॉन्फ्रेंस, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के लिए आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आयोजित है, जो क्षेत्रीय नवाचार, व्यावहारिक कार्यान्वयन और असल दुनिया पर प्रभाव के माध्यम से वैश्विक एआई नेतृत्व को मजबूत करने के भारत के दृष्टिकोण को बल देता है।


#AIInvesting2026
#AIImpact2026

By Pooja Patel

प्रोड्यूसर एंड सब एडिटर डेली हिन्दी मिलाप हैदराबाद, दैनिक भास्कर, नई दुनिया, भास्कर भूमि, राजस्थान पत्रिका में 14 वर्ष का कार्यानुभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *