अजमेर, 11 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी की शहर इकाई द्वारा विकसित भारत एवं आत्मनिर्भर भारत विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में शनिवार को उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन गुजराती उच्च माध्यमिक विद्यालय में किया गया।

     इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने चित्रकला प्रतियोगिता का अवलोकन करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कियह प्रतियोगिता युवाओं में राष्ट्र निर्माण, नवाचार और तकनीकी विकास के प्रति रुचि जागृत करने का एक रचनात्मक प्रयास है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से हमें यह जानने का अवसर मिलता है कि देश का युवा 2047 में किस प्रकार का भारत देखना चाहता है। निश्चित रूप से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन्हीं युवाओं के सपनों का भारत विकसित भारत के रूप में साकार होगा।

     उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने कहा कि चित्रकला जैसी रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों को अपनी सोच और दृष्टिकोण को अभिव्यक्त करने का अवसर देती हैं। शिक्षा के साथ कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने के अवसर मिलें यही वास्तविक आत्मनिर्भर भारत की दिशा है।

     उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही अपने आप में एक उपलब्धि है। जो विजेता नहीं बन पाए उन्हें निराश नहीं होकर निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने चित्रकला के माध्यम से अपने विचारों को रंगों में ढालने वाले सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में सायरा बानो को प्रथम स्थान, खुशी चौहान को द्वितीय स्थान तथा वंशिका बाकलीवाल को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर उपमुख्यमंत्री द्वारा दुपट्टा, प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिह्व प्रदान कर सम्मानित किया गया।

     शहर अध्यक्ष श्री रमेश सोनी ने कहा कि चित्रकला प्रतियोगिता अजमेर शहर के सभी 13 मंडलों में आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत 100 से अधिक विद्यालयों और महाविद्यालयों में यह प्रतियोगिताएं करवाई जाएगी। इनमें युवाओं ने विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया और स्वदेशी जैसे विषयों पर अपनी परिकल्पनाओं को रंगों में उकेरा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प है। इसे कर्म से सिद्ध करना होगा। कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक रचित कच्छावा ने किया।

    

By Pooja Patel

प्रोड्यूसर एंड सब एडिटर डेली हिन्दी मिलाप हैदराबाद, दैनिक भास्कर, नई दुनिया, भास्कर भूमि, राजस्थान पत्रिका में 14 वर्ष का कार्यानुभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *