नई दिल्ली। मोबाइल फोन में इस्तेमाल होने वाले भारत के पहले टेम्पर्ड ग्लाॅस निर्माण संयंत्र ऑप्टिमस इंफ्राकॉम लिमिटेड का उद्घाटन शनिवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया। मेक इन इंडिया के अब टेम्पर्ड ग्लाॅस नोएडा के सेक्टर-68 स्थित कंपनी में निर्मित होगा।
संयंत्र से हर वर्ष ढाई करोड़ टेम्पर्ड ग्लास यूनिट का उत्पादन होगा। 25 लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत ने इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में क्रांतिकारी प्रगति की है। देश में इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन छह गुना और निर्यात आठ गुना तक बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि पहले मोबाइल फोन, लैपटॉप, सर्वर, राउटर जैसे उत्पादों के लिए भारत दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन अब इन सभी की मैन्युफैक्चरिंग यहीं देश में हो रही है। टेम्पर्ड ग्लास की यह फैक्ट्री उसी कड़ी का अगला महत्वपूर्ण कदम है। हम एक ऐसा माहौल बना रहे हैं जहां मोबाइल फोन, कंप्यूटर, सर्वर, टेलीकॉम उपकरण और अब टेम्पर्ड ग्लास सब भारत में बनें।
