बाॅलीवुड। टीवी प्रोड्यूसर एकता कपूर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ की रिलाॅचिंग को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया हैं। 10 जुलाई को शेयर किए अपने पोस्ट में एकता ने लिखा है, ‘जब क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के 25 साल पूरे होने को आए और इसे फिर से टीवी पर प्रसारित करने की बातें उठने लगी, तो मेरी पहली प्रतिक्रिया थी, नहीं, बिल्कुल नहीं। मैं क्यों उस पुरानी याद को छेड़ना चाहूंगी ? जो लोग पुरानी याद को समझते हैं, वह जानते हैं कि उन यादों से कभी जीता नहीं जा सकता. वह हमेशा प्रधान रही हैं और रहेंगी। हम अपने बचपन को जैसे याद करते हैं और वह असल में जैसा रहा है, दोनों में फर्क है और रहेगा भी. टीवी का परिदृश्य अब बहुत बदल चुका है। एक दौर था जब मात्र 9 शहरों में हमारे दर्शकों की संख्या बंटी हुई थी और आज वही संख्या कई अलग-अलग टुकड़ों में बंट गई है। अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर फैल चुकी है। क्या ये ‘क्योंकि’ की उस विरासत को संभाल पाएंगे? उस ऐतिहासिक टी.आर.पी. को, जो फिर कभी किसी और धारावाहिक को नहीं मिली। लेकिन, क्या टी.आर.पी. ही उस शो की असली विरासत थी? क्या वो बस अंकों का खेल था? एक इंटरनेशनल संस्था द्वारा किए गए रिसर्च में सामने आया कि इस शो ने भारतीय घरों की महिलाओं को एक आवाज दी।

2000 से 2005 के बीच पहली बार, महिलाएं घर की बातचीत में हिस्सा लेने लगीं, एक बदलाव जो सीधे तौर पर भारतीय टेलीविजन और खासकर ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ और ‘कहानी घर घर की’ से प्रेरित हुआ था। ‘क्योंकि’ एक ग्लोबल एंबेसडर बन गया था, जिसने भारत की कहानी कहने की प्रथा को दुनिया भर में पहुंचाया। ये सिर्फ एक डेली सोप नहीं था। इसने घरेलू शोषण, वैवाहिक बलात्कार, एज शेमिंग और इच्छामृत्यु जैसे मुद्दों को भारतीय डाइनिंग टेबल्स की चर्चा का विषय बनाया और यही इस कहानी की असली विरासत थी। क्या हम टेलीविजन का वो दौर वापस ला सकते हैं? क्या हम उन करोड़ों दर्शकों तक पहुंच कर फिर से उनकी सोच और उनका नजरिया बदल सकते हैं? मैंने कहा, चलो करते हैं ये। एक ऐसा शो बनाते हैं जो जरूरी सवाल उठाए, बातचीत शुरू करे, और इस दौर में जो दृश्यिक दिखावों से भरा है, उसमें अपनी अलग जगह बनाए। ‘क्योंकि’ वापस आ रहा है, कुछ सीमित एपिसोड्स के साथ।

25 साल का जश्न मनाने, लोगों को प्रभावित करने, एंटरटेन करने, सोच को बदलने, और सबसे जरूरी एक असर छोड़ जाने के इरादे से। बहुत सारी भावना, उत्साह और दिल से जुड़ी कहानियों के साथ। यह है ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ के लिए, और हर उस चीज के लिए जिसका उदाहरण यह शो रहा है। ‘सलाम ‘क्योंकि’ को, सलाम कहानी कहने के जज्बे को, सलाम उस बीते वक्त को नहीं, बल्कि उस नए सफर को जो अब शुरू होगा। हम पुरानी यादों से कभी जीत नहीं सकते, लेकिन लड़ाई जीतने की नहीं है, लड़ाई असर छोड़ जाने की है। इस शो के लिए जो सिर्फ हमारा नहीं, आपका भी है।’
यह शो 29 जुलाई 2025 से स्टार प्लस पर अपने पुराने समय रात 10.30 बजे ही प्रसारित होगा। फिर से इसमें चर्चित चेहरा स्मृति ईरानी मुख्य किरदार रहेंगी।

https://www.instagram.com/starplus/reel/DL0GuEuAF41

By Pooja Patel

प्रोड्यूसर एंड सब एडिटर डेली हिन्दी मिलाप हैदराबाद, दैनिक भास्कर, नई दुनिया, भास्कर भूमि, राजस्थान पत्रिका में 14 वर्ष का कार्यानुभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *