नई दिल्ली। शुष्क पश्चिमी हवाओं ने पूरे देशे का हाल बेहाल कर दिया है। पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। मई महीना जहां ठंडा रहा वहीं अब जून में लोग गर्मी से तर-बतर हैं। कई शहरों में पारा 40 डिग्री से पार जा रहा है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दिनों में भी तापमान ऐसा ही रहेगा और गर्म हवाएं चलेंगी।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम हवाएं पाकिस्तान के रेगिस्तानी इलाकों से आ रही हैं। पाकिस्तान से लगे खाड़ी देशों के अधिकांश इलाकों में भी तापमान 46-47 डिग्री के आसपास है। पाकिस्तानी के जकोबाबाद, सिबी, डेरा इस्माइल खान और तुरबत में पिछले दो हफ्ते से तापमान 46 डिग्री से ज्यादा बना हुआ है।
पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं से राजस्थान,हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी समेत देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी बढ़ रही है।
11 जून दिल्ली का तापमान 44 डिग्री रहा और 12 जून को 43 डिग्री तक तापमान पहुंचने की संभावना है। 13 जून से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन तापमान फिर भी 40 डिग्री के आसपास रहेगा।
