भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा मंगलवार को दिए गए उनके बयान की निंदा की है। कांग्रेस पार्टी के संगठन सृजन कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे राहुल गांधी ने आॅपरेशन सिंदूर को लेकर कहा था कि पीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप के इशारे पर जी हूजूर करके सीजफायर कर दिया।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बड़े दुर्भाग्य की बात है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मर्यादा छोड़कर जिस अंदाज में बोलते हैं, उससे ना केवल उनकी प्रतिष्ठा खराब होती है, बल्कि उनका बयान देश के संस्कार के विरुद्ध भी दिखाई देता हैं। जिस ढंग से उन्होंने ट्रम्प पर बात की, इससे एक तरह से उनका हल्कापन सबके सामने आ गया हैं मैं कटु शब्दों में इसकी निंदा करता हूं। हमारे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी सेना ने किस प्रकार पाकिस्तान की हालत खराब की, दुनिया भी इस बात को मानती है। हमारे सांसद दुनिया में जा-जा कर बातें कर रहे हैं, लेकिन राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के गरिमापूर्ण पद की मर्यादा को ताक पर रख रहे हैं।
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि आखिर राहुल गांधी कांग्रेस को कहां ले जाकर छोड़ेंगे? उनके व्यवहार बताते हैं आखिर वो कब मेच्योर होंगे, कब परिपक्व होंगे? यह कांग्रेस का मामला है, कांग्रेस ही जाने, लेकिन मैं फिर से एक बार प्रधानमंत्री के बारे में बोले गए राहुल गांधी के वक्तव्य की कटु शब्दों में निंदा करता हूं। कांग्रेस संगठन और राहुल गांधी को इस मामले पर तुरंत माफी मांगना चाहिए।
इससे पहले भी सीएम यादव ने राहुल गांधी जूते पहनकर पुष्पांजलि करने को लेकर पर भी कटाक्ष किया था इसका वीडियो भी काफी वायरल हुआ था।
