स्थान: उज्जैन (मध्य प्रदेश)| दिल्ली से आए एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कपल (पुलकित मल्होत्रा और गिन्नी खंडूजा) ने मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र ‘गणेश मंडपम’ में भगवान महाकाल के सामने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर सगाई की रस्म निभाई। इस जोड़े ने न सिर्फ इस पल को कैमरे में कैद किया, बल्कि बकायदा फिल्मी अंदाज में रील बनाकर इसे इंस्टाग्राम पर भी अपलोड कर दिया। वीडियो के बैकग्राउंड में “जब महाकाल राजी, तो क्या करेगा काज़ी” गाना चल रहा था, जिसे देखते ही देखते लाखों व्यूज मिल गए।

⚡ मंदिर प्रशासन का कड़ा एक्शन

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, श्रद्धालुओं और धार्मिक संगठनों ने मंदिर की मर्यादा को लेकर भारी आक्रोश जताया। इसके बाद महाकाल मंदिर प्रबंध समिति तुरंत हरकत में आई और सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया के निर्देश पर निम्नलिखित सख्त कदम उठाए गए

  • ₹50,000 का जुर्माना: सुरक्षा और नियमों को ठीक से लागू न करने के कारण निजी सुरक्षा एजेंसी (कोर सिक्योरिटी) पर 50 हजार रुपये का डंडा चलाया गया है।
  • कपल की एंट्री पर बैन: नियमों का उल्लंघन करने वाले युवक-युवती के महाकाल मंदिर में प्रवेश पर हमेशा के लिए रोक लगा दी गई है।
  • अटेंडेंट पर कार्रवाई: वीडियो में जो अटेंडेंट इस जोड़े की मदद करता नजर आ रहा था, उसे मंदिर के सभी विशेष द्वारों से प्रवेश के लिए स्थायी रूप से प्रतिबंधित (ब्लैकलिस्ट) कर दिया गया है।
  • पुजारी और कर्मचारियों को नोटिस: जानकारी के अनुसार, यह कपल एक पुजारी के माध्यम से वीआईपी प्रोटोकॉल रूट से अंदर घुसा था। इस मामले में संबंधित प्रोटोकॉल अधिकारी और पुरोहित को कड़ी चेतावनी जारी कर कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।
  • कानूनी जांच: मंदिर प्रशासन अब इस जोड़े के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की संभावनाओं पर भी विचार कर रहा है।

📱 वीडियो कराया गया डिलीट

मामला बढ़ते ही मंदिर समिति ने सबसे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से नियमों का उल्लंघन करने वाली इस पोस्ट और वीडियो को डिलीट करवाया। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वीआईपी प्रोटोकॉल एंट्री और सुरक्षा जांच के नियमों को और अधिक कड़ा किया जा रहा है।

By Pooja Patel

प्रोड्यूसर एंड सब एडिटर डेली हिन्दी मिलाप हैदराबाद, दैनिक भास्कर, नई दुनिया, भास्कर भूमि, राजस्थान पत्रिका में 14 वर्ष का कार्यानुभव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *