पचमढ़ी| पचमढ़ी में आज से आम महोत्सव की शुरुआत की गई है। इस दो दिवसीय आम महोत्सव में जिले के कई किसान आमों की एक से बढ़कर एक किस्म की प्रस्तुति दे रहे हैं। पहले दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने महोत्सव में भाग लिया और किसानों से मुलाकात कर उन्नत किस्म के आमों की जानकारी ली और किसानों की प्रशंसा की। उनके द्वारा अपने एक्स पोस्ट पर इसका वीडियो भी प्रस्तुत किया गया है। जिसमें किसान अपने आमों की उन्हें प्रस्तुति दे रहे हैं।
इस महोत्सव में सरकारी बाग सहित जिले में निजी क्षेत्र, शासकीय उद्यान और प्राकृतिक रूप से मिलने वाले आमों को शामिल किया गया है। पहले दिन आम की लंगड़ा, दशहरी, आम्रपाली, मल्लिका, चैसा, बाम्बेग्रीन, तोतापरी, अल्फांसो, केसर, हिमसागर, बादाम, सफेदा, मालगोआ किस्म प्रस्तुत किया गया।
महोत्सव में पहुंचने वाले सैलानियों को आम के गुणवत्ता और उसके गुण के बारे में बताया जा रहा है। सेमीनार में तकनीकी माध्यम से आम की खेती के तरीके किसानों को बताए जा रहे हैं।
