अहमदाबाद। राहुल गांधी गुजरात दौरे के तहत अहमदाबाद पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से बात की है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस भवन में चल रहे संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होने बताया कि किस कारण कांग्रेस 30 सालों से गुजरात में सत्ता में नहीं आ पाई।
राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात कांग्रेस में दो तरह के लोग हैं। एक वो, जिनके दिल में कांग्रेस की विचारधारा है, जो जनता के साथ खड़े हैं। वहीं, दूसरे वो हैं, जो जनता से दूर हैं और उनसे कटे रहते हैं। इनमें से आधे लोग भाजपा से मिले हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि जब तक इन दोनों तरह के लोगों को अलग नहीं किया जाता, गुजरात में कांग्रेस जनता का भरोसा नहीं जीत पाएगी।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि आजादी की लड़ाई में अंग्रेज सामने थे. कांग्रेस जनता को रिप्रेजेंट करती थी, लेकिन हमारा लीडर नहीं था। लीडर साउथ अफ्रीका से आया। कौन? महात्मा गांधी। उसने हमें सोचने, लड़ने और जीने का तरीका दिया। गांधीजी के बिना कांग्रेस देश को आजादी नहीं दिला पाती। गुजरात बिना गांधीजी नहीं होते।
राहुल गांधी का कहना है कि गुजरात ने सरदार पटेल भी हमें दिए। हमारे पांच सबसे बड़े नेताओं में से दो गुजरात ने दिए। गुजरात हमसे यही मांग रहा है। गुजरात फंसा है, रास्ता नहीं मिल रहा। गुजरात आगे बढ़ना चाहता है।
बता दें कि राहुल गांधी गुजरात की दो दिवसीय यात्रा पर है। जिसमें वह राज्य में कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं।

