मुंबई (एजेंसी)। महाराष्ट्र में आबकारी विभाग बड़ी मात्रा में अवैध तरीके से तस्करी की जा रही शराब की खेप जब्त की है। तस्कर सेनेटरी पैड की आड़ में 42 लाख 83 हजार 730 रुपये की विदेशी शराब ले जा रहे थे। इस बीच पुलिस ने कारवाई कर अवैध शराब जब्त कर ली है। पुलिस को अपने सूत्रों से शराब के तस्करी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस की टीम तस्करों की तलाश में जुट गई थी।
पुलिस को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली थी कि होली से पहले कुछ लोग प्रतिबंधित शराब के स्टॉक गोवा से महाराष्ट्र ला रहे हैं। यह लोग शराब की तस्करी सेनेटरी पैड में छिपाकर कर रहे हैं, जिससे किसी को भी उन पर शक ना हो. हालांकि, राज्य आबकारी विभाग ने इस साजिश को नाकाम कर दिया है और पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है। उन्होंने कुल 42 लाख 83 हजार 730 रुपये की अवैध शराब जब्त की है।
ठाणे अधीक्षक प्रवीण तांबे की टीम ने भिवंडी पुलिस की टीम की मदद से सुबह करीब 5.30 बजे कल्याण-भिवंडी रोड पर टेमघर इलाके में साई प्रेम होटल के पास कारवाई का अंजाम दिया। इसके बाद वहां खड़े एक संदिग्ध छह टायर वाले टेम्पो की तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने पाया कि सेनेटरी पैड के डिब्बों के पीछे महंगी विदेशी शराब की पेटियां छुपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 361 पेटी विदेशी शराब और 362 कार्टून पेटी सेनेटरी पैड के जब्त किए हैं। गोवा में शराब की कीमत कम होने के कारण इस तरह की घटना अक्सर होती रहती है। राज्य आबकारी निरीक्षक आगे की जांच कर रहे हैं।
