भिलाई # सीजी। हत्या के एक चर्चित मामले में करीब दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को उतई पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार थाना उतई में दर्ज हत्या के प्रकरण में आरोपी सुमित हीरानंद लालवानी लंबे समय से फरार था। मामले में पहले ही दीपजोत कौर संधु उर्फ निक्की और एक अपचारी बालिका को अगस्त 2024 में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका था। इसके बाद से फरार आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के नागपुर में ट्रेस की।
योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आए हैं। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। हत्या के इस मामले में विवेचना अभी जारी है।
