भिलाई # सीजी। शहरों में घूम घूम कर बाइक चोरी करने वाले 2 बदमाशों को पकड़ने में पुलिस ने सफलता पाई है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 3 बाइक की जब्ती भी बनाई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के रास्ते से जेल भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए थाना भिलाई नगर पुलिस और क्राइम टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। शिकायतों, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई टीवीएस स्टार, हीरो पैशन और पल्सर एनएस-125 मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की गई।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों और असुरक्षित जगहों पर खड़ी दोपहिया वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष सोनी (27 वर्ष), निवासी रूआबांधा और आदित्य सनोडिया (19 वर्ष), निवासी कोसानगर, सुपेला के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 414/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। भिलाई नगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन हमेशा सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें, लॉक का उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
