भिलाई # सीजी। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को दुर्ग यातायात पुलिस, नगर निगम भिलाई और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सुपेला से लेकर नेहरू नगर तक विशेष अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और यातायात में बाधा बनने वाले अवरोधों को हटाया।

संयुक्त टीम ने सुपेला चौक, पावर हाउस चौक, घड़ी चौक, नेहरू नगर, ग्रीन चौक, पटेल चौक, इंदिरा मार्केट, सूर्या मॉल चौक सहित आसपास के व्यस्त बाजार क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान सड़क पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए और अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारु बनाया गया।कार्रवाई के दौरान सुपेला चौक पर यातायात में बाधा बन रहे एक बड़े होर्डिंग को भी हटाया गया।

वहीं सड़क पर घूम रहे गौवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके और यातायात निर्बाध रूप से संचालित हो।अभियान के दौरान दुकानदारों, ठेला संचालकों और वाहन चालकों को सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने तथा सार्वजनिक मार्ग पर अवैध पार्किंग से बचने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने बताया कि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के संयुक्त अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *