भिलाई # सीजी। दुर्ग जिले के विभिन्न थानों में जब्त अवैध शराब करीब 5480.082 बल्क लीटर का पुलिस ने नष्टीकरण कराया।इसकी कीमत करीब 45 लाख रुपए बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि दुर्ग जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत पंजीबद्ध प्रकरणों में जब्त ऐसी मदिरा, जो न्यायालयीन प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाई गई, उसके विधिवत थाना परिसर जामुल में नष्टीकरण की कार्रवाई 04 अगस्त को की गई।न्यायालयीन आदेशों एवं प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप जब्त मदिरा को कलेक्टर द्वारा गठित नष्टीकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति द्वारा परीक्षण एवं अनुमोदन उपरांत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए जब्त मदिरा का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से नष्टीकरण कराया गया।
इस कार्रवाई के अंतर्गत कुल 112 प्रकरणों में जब्त 5480.082 बल्क लीटर मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मदिरा, जिसका वर्तमान अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹45 लाख है, का विधिवत निस्तारण किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य न्यायालयीन आदेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना, सुरक्षित निस्तारण करना तथा किसी भी प्रकार से उक्त मदिरा के पुनः अवैध उपयोग अथवा दुरुपयोग की संभावना को पूर्णतः समाप्त करना है।
