भिलाई # सीजी। अगर आप भी अपने बच्चों को मोबाइल पकड़ाकर स्कूल भेजते हैं तो जरा सावधान रहें। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि बीते दिनों भिलाई शहर के बीचो-बीच एक ऐसी घटना घटी है, जिसमें स्कूली बच्चों के साथ बड़ी घटना भी हो सकती थी। शहर के नेहरू नगर स्थित भेलवा तालाब गार्डन में छात्रों को चाकू दिखाकर डराने और उनसे मोबाइल व नकदी लूटने के मामले में सुपेला पुलिस ने एक आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को प्रार्थिया ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा एम. लक्ष्मण रेड्डी अपने दोस्तों निशांत साहू और दिलेश वारिक के साथ स्कूल से लौटते समय नेहरू नगर के भेलवा तालाब गार्डन में रुका था। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को क्षेत्र का दादा बताते हुए धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए छात्रों से मोबाइल फोन और नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना सुपेला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर एक अपचारी बालक और मुख्य आरोपी शिवा नाग को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवा नाग (18 वर्ष 5 माह) निवासी रेशने आवास एल-6, अंबेडकर भवन के सामने, नेहरू नगर, सुपेला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी राह चलते छात्रों को हथियार के बल पर डराकर मोबाइल और नकदी लूटने की नीयत से वारदात को अंजाम देते थे।
