यूपी (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद से आहत एक महिला ने अपने तीन बच्चों को कथित तौर पर जहर खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। इस दर्दनाक घटना में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।यह घटना मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव की है।

जानकारी के मुताबिक 38 वर्षीय कुसुम ने अपने तीन बच्चों, 12 वर्षीय मधु, 10 वर्षीय राधिका और 8 वर्षीय सत्या को जहर दिया और इसके बाद स्वयं भी जहर खा लिया। चारों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मड़िहान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान कुसुम और उसकी बेटी राधिका की मौत हो गई। वहीं सत्या और मधु को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां सत्या ने भी दम तोड़ दिया। मधु का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतका के भाई छोटू के अनुसार, कुसुम का पति धर्मेंद्र दिल्ली में काम करता है। कुसुम को शक था कि उसने दूसरी शादी कर ली है। इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच 12 जुलाई को समझौता भी कराया गया था। तय हुआ था कि 13 जुलाई को धर्मेंद्र पत्नी को अपने साथ ले जाएगा, लेकिन वह बिना विदा कराए वापस चला गया। परिजनों का कहना है कि इसी बात से आहत होकर कुसुम ने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *