दुर्ग # सीजी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘मेरा युवा भारत (माय भारत)’ के तहत जिले के युवाओं के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीयन शुरू कर दिया गया है। युवाओं की सुविधा के लिए कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, दुर्ग में विशेष पंजीयन काउंटर स्थापित किया गया है।
काउंटर पर 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का निःशुल्क पंजीयन किया जाएगा। पोर्टल के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, इंटर्नशिप, स्वयंसेवा और रोजगार से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी और लाभ मिल सकेगा। उपसंचालक (रोजगार) के अनुसार, इच्छुक पात्र युवा जिला रोजगार कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। आवेदकों की सुविधा के लिए कार्यालय के सूचना पटल पर क्यूआर कोड सहित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।
जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से ‘माय भारत पोर्टल’ पर पंजीयन कर शासकीय योजनाओं, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। युवाओं को कौशल विकास, इंटर्नशिप, स्वयंसेवा और रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय मंच ’माय भारत पोर्टल’ (https://mybharat.gov.in) पर पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
