भिलाई # सीजी। कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराना आठ लोगों को भारी पड़ गया। दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ खाताधारकों को चिन्हित किया है। इनमें नेवई थाना क्षेत्र के इंडसइंड बैंक से जुड़े छह और छावनी थाना क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े दो खाताधारक शामिल हैं। पुलिस की जांच में इन खातों के माध्यम से लाखों रुपये से अधिक की संदिग्ध धनराशि का लेन-देन सामने आया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने या अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को जमा करने और अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता था। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है।
जांच में सामने आया है कि साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े एजेंट लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इसके बदले खाताधारकों से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और संबंधित मोबाइल सिम कार्ड प्राप्त किए जाते थे। इन दस्तावेजों और सिम कार्ड को साइबर अपराधियों तक पहुंचाया जाता था। इसके बाद साइबर ठगी से प्राप्त रकम इन खातों में जमा कराई जाती थी। रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर उसके वास्तविक स्रोत को छिपाने का प्रयास किया जाता था। इस पूरे लेन-देन के बदले खाताधारकों को 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन दिया जाता था।
दुर्ग पुलिस द्वारा थाना नेवई और थाना छावनी में दर्ज मामलों की विवेचना के दौरान संबंधित बैंक खातों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों की जांच और खाताधारकों से पूछताछ में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इन खातों के इस्तेमाल होने की जानकारी सामने आई।
बैंकिंग रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 23 नवंबर 2026 को संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई की। थाना नेवई क्षेत्र के इंडसइंड बैंक से संबंधित छह खाताधारकों और थाना छावनी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े दो खाताधारकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित खाताधारकों के बैंकिंग दस्तावेज, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामग्री जब्त कर ली है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार खाताधारक
- टोमन डहरे (44 वर्ष), निवासी स्टेशन मरोदा, मिनीमाता पारा, थाना नेवई।
- अभय मिश्रा (28 वर्ष), निवासी प्लॉट नंबर 111, बाबादीप सिंह नगर, थाना वैशाली नगर।
- हरीशंकर सारथी (28 वर्ष), निवासी चंडी मंदिर, कुआं चौक के पास, थाना दुर्ग।
- चेतन मांझी (32 वर्ष), निवासी अंबेडकर आवास, जोरातराई, थाना उतई।
- देवराज साहू (25 वर्ष), निवासी जवाहर चौक, मानस भवन, वार्ड क्रमांक 52, बोरसी, थाना पद्मनाभपुर।
- बिसेक शर्मा (31 वर्ष), निवासी क्वार्टर नंबर 418, न्यू खुर्सीपार, थाना खुर्सीपार।
- अखिलेश सिंह (32 वर्ष), निवासी फौजी नगर, हाउसिंग बोर्ड, थाना जामुल।
- अक्षय सक्सेना (28 वर्ष), निवासी प्लॉट नंबर 196/65, मीनाक्षी नगर, बोरसी, थाना पद्मनाभपुर।
