बलरामपुर # सीजी। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले मध्यप्रदेश के शातिर चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। बलंगी पुलिस ने गिरोह के कथित मास्टरमाइंड शुक्ला बसोर और उसके साथी राजकुमार बसोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मध्यप्रदेश के सिंगरौली से छत्तीसगढ़ आकर भीख मांगने के बहाने गांवों और घरों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में सुनसान घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 29 हजार 745 रुपये का सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 12 मई 2026 की रात की है। ग्राम मझौली निवासी 44 वर्षीय प्रार्थी विरेंद्र कुमार पाठक ने चौकी बलंगी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 1 बजे वह अपने घर के आंगन में अकेले सो रहा था। इसी दौरान रात लगभग 1:30 बजे घर के अंदर आहट सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह उठा तो देखा कि तीन नकाबपोश व्यक्ति घर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे हुए थे। प्रार्थी के जागने पर दो आरोपी दीवार फांदकर भाग निकले, जबकि एक आरोपी ने उसे पकड़ लिया। छीना-झपटी के दौरान आरोपी ने हाथ में रखी लोहे की रॉड जैसी वस्तु से उसके सीने और माथे पर हमला किया और फरार हो गया। आरोपी घर में रखे करीब 91 हजार 616 रुपये कीमत के जेवरात चोरी कर ले गए थे।
मुखबिर से मिला सुराग
प्रार्थी की शिकायत पर चौकी बलंगी में अपराध क्रमांक 51/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 331(4), 331(6) एवं 117(1) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चौकी प्रभारी बलंगी पुष्पराज सिंह के नेतृत्व में बलंगी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्राप्त साक्ष्यों तथा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि थाना बरगवां, जिला सिंगरौली मध्यप्रदेश का शुक्ला बसोर एक शातिर चोर है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
मध्यप्रदेश से आया था गिरोह का मास्टरमाइंड
पुलिस को 22 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि शुक्ला बसोर मध्यप्रदेश के बरगवां थाना क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राजकुमार बसोर और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर चौकी बलंगी क्षेत्र के ग्राम हरदीबहरा में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उसने बताया कि आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से आते थे और चोरी किए गए जेवरात पंजाब में किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिए थे। इसके बाद पुलिस ने शुक्ला बसोर के साथी राजकुमार बसोर की तलाश कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
जेवर और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों से 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा दो सोने के लॉकेट, सोने का एक दाना, चांदी की एक जोड़ी पाजेब, एक चांदी की पायल और चांदी की एक कान की बाली बरामद की गई है। चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है। बरामद नकदी, जेवरात और मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 29 हजार 745 रुपये कीमत का सामान जब्त किया गया है।
- गिरफ्तार आरोपी
- 1. शुक्ला बसोर (56 वर्ष)पिता शुद्धू बसोर, निवासी लोटकी, बरढ़वा टोला, अटल आवास, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश।
- 2. राजकुमार बसोरपिता केवल प्रसाद बसोर, निवासी ग्राम बढ़रापावन, चौकी गोभा, थाना बैढ़न, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश।
