प्रार्थी ने बैंक ऑफ बड़ौदा एवं कोटक महिंद्रा बैंक के खातों से IMPS एवं RTGS के माध्यम से आरोपियों को किया था भुगतान

भिलाई # सीजी। सोलर पैनल उपलब्ध कराने के नाम पर ₹34 लाख की धोखाधड़ी के प्रकरण में चौकी स्मृतिनगर पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं बैंक खातों की जानकारी के आधार पर विवेचना करते हुए दो आरोपियों आयुष उपाध्याय एवं विवेक मिश्रा को मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना एवं पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी नवीन कुमार द्वारा 05 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करने वाले स्नेहा एवं कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल द्वारा स्वयं को सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई महाराष्ट्र से संबंधित बताकर प्रार्थी की फर्म को बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने तथा ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया गया।

आरोपियों द्वारा विश्वास में लेकर प्रार्थी से कंपनी के नाम पर राशि जमा कराई गई। इस पर प्रार्थी द्वारा अपने बैंक ऑफ बड़ौदा, नंदनी रोड भिलाई एवं कोटक महिंद्रा बैंक, सुपेला स्थित खातों से IMPS एवं RTGS के माध्यम से कुल ₹34,00,000/- कंपनी के ए.यू. स्मॉल फाइनेंस बैंक, मुंबई स्थित खाते में हस्तांतरित किए गए। बाद में धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पर थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1306/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान साइबर सेल एवं संबंधित बैंकों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों तथा बैंक खातों की जानकारी प्राप्त की गई। प्रार्थी के कथन एवं विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आयुष उपाध्याय एवं विवेक मिश्रा के नाम सामने आए। दोनों आरोपी थाना बांगुर नगर, मुंबई के अपराध क्रमांक 880/2026, धारा 316(2), 318(4), 3(5) बीएनएस के प्रकरण में पूर्व से गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल मुंबई में निरुद्ध थे।

चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम द्वारा स्थानीय पुलिस एवं जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला न्यायालय दुर्ग से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया गया। इसके पश्चात वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर दोनों आरोपियों को मुंबई से ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया। माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के उपरांत पुलिस रिमांड प्राप्त कर प्रकरण में अग्रिम पूछताछ एवं विवेचनात्मक कार्यवाही की जा रही है।

आरोपी

  • आयुष उपाध्याय, उम्र 49 वर्ष, निवासी रहमतुल्ला तबेला, राम लखन पान शॉप के पास, पारसीवाड़ी, घाटकोपर पश्चिम, मुंबई, महाराष्ट्र।
  • विवेक मिश्रा, उम्र 27 वर्ष, निवासी कब्रिस्तान के पास, श्रीराम घर चाल, नाका सुपाड़ा पूर्व, पालघर, महाराष्ट्र।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *