भिलाई # सीजी। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसकर स्क्रैब कॉपर तार चोरी करने का प्रयास करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 130 किलोग्राम स्क्रैब कॉपर तार बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 97,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 जून को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी कि भिलाई स्टील प्लांट के ओएचबी जंक्शन 2-3 प्रोजेक्ट स्टोर के पीछे स्थित क्षेत्र से 65-65 किलो वजन के दो बंडल स्क्रैब कॉपर तार चोरी करने का प्रयास किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी सुनील कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर संयंत्र परिसर में अवैध रूप से प्रवेश कर कॉपर तार चोरी करने की योजना और प्रयास की बात स्वीकार की।
पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया कॉपर तार जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।घटना के बाद फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने 8 जून को उमेश बाग तथा 9 जून को यमन उर्फ अमन बेहरा और संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी भिलाई इस्पात संयंत्र से स्क्रैब कॉपर तार चोरी कर अवैध आर्थिक लाभ कमाने की फिराक में थे। चारों आरोपी पुरैना क्षेत्र के निवासी हैं। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही प्रकरण का सफलतापूर्वक निराकरण कर लिया गया है।
- आरोपी :1. सुनील कुमार, उम्र 20 वर्ष, निवासी डाक बंगला उत्कल चौक, पुरैना, भिलाई।2. उमेश बाग, उम्र 23 वर्ष, निवासी डाक बंगला उत्कल चौक, पुरैना, भिलाई।3. यमन उर्फ अमन बेहरा, उम्र 20 वर्ष, निवासी डाक बंगला उत्कल चौक, पुरैना, भिलाई।4. संदीप कुमार, उम्र 19 वर्ष, निवासी डाक बंगला उत्कल चौक, पुरैना, भिलाई
