भिलाई # सीजी। सुपेला थाना क्षेत्र के कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी स्थित हरा मैदान में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 12 इंच लंबा धारदार लोहे का हथियार बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरा मैदान क्षेत्र में एक युवक धारदार हथियार लहराते हुए राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आशु उर्फ अमनदीप सिंह (22 वर्ष) निवासी कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी, सुपेला बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार लोहे का हथियार बरामद हुआ। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में हथियार जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने और लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
