भिलाई # सीजी। छावनी थाना क्षेत्र के अहमद नगर स्थित एक कैरम सेंटर में हुए हत्या के प्रयास और मारपीट मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 6 आरोपियों और 2 अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को मोहम्मद वसीम ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह बड़ी मस्जिद के पास स्थित एक कैरम सेंटर में बैठा था। इसी दौरान एक युवक ने सिगरेट मांगी। सिगरेट दुकान संचालक से मांगने की बात कहने पर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद युवक ने अपने साथियों को बुला लिया और प्रार्थी के साथ गाली-गलौज तथा मारपीट की।जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने एकजुट होकर पीड़ित का गला दबाया और नुकीली वस्तु से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई।

पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। कुछ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि शेष फरार आरोपियों और अपचारी बालकों की लगातार तलाश की जा रही थी।पुलिस ने पतासाजी कर सभी फरार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक घटना की मुख्य वजह सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद और आपसी रंजिश थी। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *