नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के साथ ही देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को केरल, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत समेत कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर और मध्य भारत के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

केरल में शुक्रवार रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई क्षेत्रों में जलभराव, पेड़ गिरने और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं। त्रिशूर जिले के मनालूर क्षेत्र में एक पेड़ अस्थायी शेड पर गिर गया, जिससे उसके नीचे सो रहे 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार आज केरल और माहे के अलावा पूर्वोत्तर भारत, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *