भिलाई # सीजी। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। थाना छावनी पुलिस ने मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 2 आईपैड, 85 एटीएम कार्ड, 45 सिम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, नकदी और करीब 23 लाख रुपये मूल्य के सोने एवं डायमंड के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार थाना छावनी क्षेत्र निवासी निशांत कुमार गुप्ता लंबे समय से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन में लिप्त था। विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि वह “C-B Cricket Buzz Betting App” और “RubyBet” प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने महाराष्ट्र के नागपुर में किराये का मकान लेकर अपने सहयोगियों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा सेंटर संचालित कर रखा था। इसके बाद दुर्ग पुलिस की विशेष टीम ने नागपुर में दबिश देकर मौके से आठ युवकों को ऑनलाइन सट्टा संचालन करते हुए गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि गिरफ्तार युवक उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं, जिन्हें वेतन और अन्य सुविधाओं का लालच देकर सट्टा कारोबार में लगाया गया था। उनका काम ऑनलाइन आईडी संचालन, डिपॉजिट, विड्रॉल और तकनीकी प्रबंधन संभालना था। प्रत्येक युवक को 20 से 25 हजार रुपये मासिक भुगतान किया जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह प्रतिदिन 4 से 5 लाख रुपये का ऑनलाइन लेनदेन करता था, जो प्रतिमाह करीब 1.50 करोड़ रुपये तक पहुंचता था। सट्टे से अर्जित रकम को विभिन्न बैंक खातों के जरिए कई स्तरों पर ट्रांसफर कर वास्तविक स्रोत छिपाया जाता था।आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें से कई दस्तावेज और खाते फर्जी तरीके से या धोखाधड़ी कर हासिल किए गए थे, जिनका उपयोग अवैध धन के लेनदेन में किया जा रहा था।

विवेचना के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता ने ऑनलाइन सट्टे से अर्जित रकम से महंगे आभूषण खरीदे थे। पुलिस ने भिलाई के एक ज्वेलर्स के पास गिरवी रखे गए करीब 15 तोला सोना और डायमंड मिश्रित जेवरात जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 23 लाख रुपये बताई जा रही है। थाना छावनी में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा टेलीकॉम अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेनदेन की गहन पड़ताल कर रही है।

  • गिरफ्तार आरोपी : 1. मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता उम्र 29 वर्ष, निवासी गणेश चौक, कैप-02, थाना छावनी, (आई.डी. संचालक)2. अखिलेश यादव 22 वर्ष, निवासी खुड़ापार, थाना मेहनगर, जिला आजमगढ़ (उ.प्र.)।3. पंकज यादव 22 वर्ष, निवासी खुड़ापार, थाना मेहनगर, जिला आजमगढ़ (उ.प्र.)।4. आशीष जायसवाल 20 वर्ष, निवासी खेरी कोठा, थाना मधुवन, जिला मऊ (उ.प्र.)।5. विशाल पटेल 29 वर्ष, निवासी बरवा विद्यापति, थाना महाराजगंज, जिला महाराजगंज (उ.प्र.)।6. शिवम चौहान 23 वर्ष, निवासी झउवा, थाना मेहनगर, जिला आजमगढ़ (उ.प्र.)।7. जयहिंद यादव 22 वर्ष, निवासी कुढ़ापार, थाना मेहनगर, जिला आजमगढ़ (उ.प्र.)।8. वेचन मुखिया 24 वर्ष, निवासी बेनीपुर, थाना बहेड़ा, जिला दरभंगा (बिहार)।9. भागीरथ राम 35 वर्ष, निवासी नयागांव, थाना रेयाम, जिला दरभंगा (बिहार)।
  • जब्त संपत्ति : एंड्रॉयड मोबाइल फोन 26 नग, लैपटॉप 03 नग, आईपैड 02 नग, एटीएम कार्ड 85 नग, बैंक पासबुक 18 नग, एक्सटेंशन बोर्ड 19 नग, लैपटॉप चार्जर 03 नग, मोबाईल चार्जर 07 नग, पावर बैंक 19 नग, टीवी कनेक्टर 19 नग, चेकबुक – 02 नग, आधार कार्ड विभिन्न, सिम कार्ड 45 नग, हिसाब-किताब रजिस्टर एवं दस्तावेज, नगदी राशि 1,54,620/-रू, 23 लाख रुपये मूल्य के सोने एवं डायमंड के आभूषण।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *