बिलासपुर # CG. जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बेलगहना चौकी क्षेत्र के लमरीडबरी गांव में एक नवजात बच्ची को जन्म के बाद जिंदा तालाब में फेंक दिया गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना मार्च महीने की है। 29 मार्च की दोपहर गांव की महिला बृजबाई ने गांव के कोटवार निर्मलदास मानिकपुरी को सूचना दी थी कि रामसागर तालाब में एक बच्चे का शव तैर रहा है। सूचना मिलने पर कोटवार मौके पर पहुंचा और तालाब के दक्षिण हिस्से में एक नवजात बच्ची का शव औंधे मुंह तैरता हुआ मिला।

शव को तालाब से बाहर निकालने पर पता चला कि बच्ची की उम्र करीब एक से दो दिन की थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच कराई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी यानी एफएसएल रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं थी।

जांच में सामने आया कि नवजात को जिंदा अवस्था में तालाब में फेंका गया था। पानी में डूबने और दम घुटने की वजह से उसकी मौत हुई। इस खुलासे के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची को तालाब में किसने और किन परिस्थितियों में फेंका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *