अंबिकापुर # CG. गौरेला-पेंड्रा⁠-मरवाही जिले में मंगलवार रात एक बड़ी वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या कर दी और सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि प्रदीप सोनी रोज की तरह बाजार में अपनी दुकान लगाकर कारोबार कर रहे थे। रात करीब 7 बजे जब वे दुकान बंद कर वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक पल्सर बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। आरोपियों ने व्यापारी से सोने-चांदी से भरा बैग छीनने की कोशिश की।

व्यापारी द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने बेहद करीब से उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी बैग लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक लूटे गए जेवर और नगदी की कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों और व्यापारियों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और पुलिस से शव छीनकर देर रात तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। हालात इतने तनावपूर्ण रहे कि सुबह तक पोस्टमार्टम नहीं हो सका। सर्राफा व्यापारी संगठन समेत कई व्यापारिक संगठनों ने आज पेंड्रा बंद का ऐलान किया है।

इधर पुलिस ने आरोपियों की तलाश में बिलासपुर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़, अनूपपुर, डिंडोरी और कोरिया जिले में नाकेबंदी कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *