दंतेवाड़ा # सीजी। जिले में एक बैंक कर्मचारी द्वारा किसान के खाते से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। गीदम पुलिस ने करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने किसान के कृषि लोन खाते से 9 लाख 50 हजार रुपए निकाल लिए थे। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी ने जुलाई 2025 में थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसने फरवरी 2024 में एक्सिस बैंक गीदम शाखा से 14 लाख 39 हजार 762 रुपए का कृषि लोन लिया था।लोन प्रक्रिया के दौरान बैंक का फील्ड ऑफिसर प्रवीण शर्मा लगातार उसकी मदद कर रहा था। इसी दौरान आरोपी ने किसान के बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड और ट्रांजेक्शन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी अपने कब्जे में रख ली।

आरोप है कि फरवरी और मार्च 2024 के बीच आरोपी ने एटीएम और अन्य बैंकिंग माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए किसान के खाते से करीब 9 लाख 50 हजार रुपए निकाल लिए। जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो आरोपी बहाने बनाता रहा और बाद में फरार हो गया।मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक न्यास भंग और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सीडीआर, साइबर लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश की। आखिरकार 26 मई 2026 को पुलिस ने आरोपी प्रवीण कुमार शर्मा को जगदलपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *