रायपुर # सीजी। रायपुर पुलिस ने विधायक पुरंदर मिश्रा से जुड़े ठगी मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को उड़ीसा से गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को मंत्री नीतिन नवीन का पीए बताकर पैसों की मांग कर रहा था। मामला थाना खम्हारडीह क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी जगन्नाथ मंदिर गायत्री नगर में रहकर मंदिर में सेवा कार्य करता है। 24 मई 2026 की रात करीब 8 बजकर 24 मिनट पर उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को नीतिन नवीन का पीए बताया और तत्काल पैसों की जरूरत होने की बात कहते हुए रकम मांगी। कुछ देर बाद दूसरे नंबर से फिर कॉल आया और आरोपी ने एक स्कैनर भेजा। प्रार्थी ने भरोसा कर फोनपे के माध्यम से 10 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। ट्रांजैक्शन के दौरान स्कैनर पर “कामिनी बेहरा” नाम दिखाई दे रहा था।

इसके बाद आरोपी लगातार फोन कर और अधिक पैसे की मांग करने लगा। शक होने पर प्रार्थी ने अन्य लोगों से चर्चा की, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद मामले की शिकायत थाना खम्हारडीह में दर्ज कराई गई।पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान सहदेव मलिक के रूप में हुई। आरोपी उड़ीसा के पुरी जिले के तालदा गांव का रहने वाला है। रायपुर पुलिस की टीम ने उड़ीसा पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे रायपुर लाकर न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *