यूपी (Agency)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर चर्चित दूल्हा हत्याकांड में वांछित मुख्य आरोपी रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। देर रात हुई मुठभेड़ में लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह घायल हो गए, जबकि पुलिस टीम के दो जवान बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गए। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ मोड़ के पास हुई।

पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि रवि यादव इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के बाद संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

  • यह है मामला : एक मई को 25 वर्षीय आजाद बिंद शादी के लिए बारात लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में सात लोगों को मुख्य आरोपी बनाया था। इनमें रवि यादव, प्रदीप बिंद और भोले राजभर पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
  • नेपाल तक पहुंची पुलिस : घटना के बाद से उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। पुलिस की टीमें दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर और नेपाल तक दबिश दे रही थीं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *