भिलाई # सीजी। वैशाली नगर थाना पुलिस ने रात के अंधेरे में राहगीरों को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाल रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। वहीं मामले में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी उमेश सिंह परमार, उम्र 45 वर्ष, निवासी अटल आवास जवाहर नगर ने थाना वैशाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 22 और 23 मई की दरम्यानी रात करीब 1 बजे वह सिविक सेंटर से काम खत्म कर स्कूटी से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सुंदर नगर के पास लाल रंग की मोटरसाइकिल में सवार तीन युवकों ने उसकी स्कूटी के सामने बाइक अड़ा दी और रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उमेश सिंह परमार को जान से मारने की धमकी देकर जबरन नीचे उतारा और उसकी तलाशी ली। इसके बाद उसके पास रखे 4 हजार रुपये नगद और आधार कार्ड लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस से शिकायत की।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 191/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की।मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी सूरज कुमार राजभर और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लाल रंग की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। वहीं मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों ने रात के समय राहगीर को रोककर अवैध रूप से नगदी लूटने की नियत से इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था, लेकिन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी से लोगों ने राहत महसूस की है।आरोपी का नाम :1. सूरज कुमार राजभर, उम्र 18 वर्ष, निवासी घासीदास नगर अटल आवास के पीछे, थाना जामुल, जिला दुर्ग।2. 01 विधि से संघर्षरत बालक।
