भिलाई # सीजी। रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई की कार्रवाई का सामना कर रहे अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डर रेफरी बी. राजशेखर राव पर अब बॉडी बिल्डिंग संगठन ने भी बड़ी कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ प्रदेश बॉडी बिल्डर एसोसिएशन ने उन्हें सभी पदों और बॉडी बिल्डिंग खेल से जुड़ी सभी गतिविधियों से आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया है। यह निर्णय इंडियन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के निर्देश पर सर्वसम्मति से लिया गया।
रविवार को भिलाई में छत्तीसगढ़ प्रदेश बॉडी बिल्डर एसोसिएशन की एग्जीक्यूटिव बॉडी की आपातकालीन बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र कुमार टेकाम ने की।बैठक में इंडियन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के अध्यक्ष स्वामी रमेश कुमार और महासचिव चेतन एम. पठारे के निर्देशों का पालन करते हुए बी. राजशेखर राव को संगठन के सभी पदों से हटाने और खेल गतिविधियों से दूर रखने का निर्णय लिया गया।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि खेल की गरिमा और संगठन की साख बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में संगठन किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि संगठन के कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद सिंह को महासचिव पद के कार्यों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
आपातकालीन बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ठाकुर, कार्यकारिणी सदस्य रमेश हिरवानी, सुमित विश्वास, मोहम्मद सलीम, नाहिद खान, कोषाध्यक्ष तुलसी प्रसाद सोनी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं बिलासपुर से सुभाष कुमार वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। गौरतलब है कि बी. राजशेखर राव पर रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप है, जिसके बाद सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार किया था। मामले के सामने आने के बाद खेल जगत में भी काफी चर्चा रही और अब एसोसिएशन की इस कार्रवाई को संगठन की सख्त छवि के तौर पर देखा जा रहा है।
