भिलाई # सीजी। दुर्ग-भिलाई में दिनदहाड़े सूने मकानों को निशाना बना रहे अंतरराज्यीय चोर गिरोह का दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 400 ग्राम सोना और साढ़े तीन लाख रुपये नकद समेत कुल 63.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। मामले में चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, नेहरू नगर और दुर्ग क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को चुनौती मानते हुए थाना सुपेला और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके बाद टीम मेरठ और दिल्ली रवाना हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी हासीम खान अपने साथियों के साथ बिलासपुर से एक्टिवा खरीदकर दुर्ग, भिलाई और आसपास के इलाकों में रेकी करता था। आरोपी फेरीवाले बनकर कपड़े और गलीचे बेचने के बहाने कॉलोनियों में घूमते थे। जिन घरों के बाहर ताला लगा मिलता, उन्हें निशाना बनाकर दिन में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस ने बताया कि एक आरोपी बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा घर के अंदर घुसकर चोरी करता था। चोरी का सोना मेरठ के सलीम ज्वेलर्स को बेचा जाता था। पुलिस ने मेरठ में दबिश देकर ज्वेलरी शॉप संचालक सलीम खान को भी गिरफ्तार किया।पूछताछ में आरोपियों ने दुर्ग, भिलाई, नवा रायपुर और बिलासपुर समेत जबलपुर में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

  • गिरफ्तार आरोपी : हासीम खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी मेरठ (उत्तरप्रदेश)सलीम खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी मेरठ (उत्तरप्रदेश) ।
  • बरामद सामान : करीब 400 ग्राम सोना कीमत लगभग 60 लाख रुपयेनगद 3 लाख 50 हजार रुपयेकुल बरामदगी 63 लाख 50 हजार रुपये ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *