भिलाई # सीजी। दुर्ग पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों की संपत्ति पर शिकंजा कसा है। थाना धमधा क्षेत्र के एक आरोपी द्वारा गांजा कारोबार से अर्जित संपत्ति को विधिक प्रक्रिया के तहत फ्रीज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम राजपुर निवासी मनोज साहू (45 वर्ष) के खिलाफ लंबे समय से मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में संलिप्तता की जानकारी मिल रही थी। जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने गांजा बिक्री से अर्जित आय से अलग-अलग क्षेत्रों में कृषि भूमि खरीदी थी।जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही NDPS Act के तहत कई प्रकरण दर्ज हैं।
इनमें वर्ष 2001 से लेकर 2020 तक के मामले शामिल हैं, जो उसकी लगातार आपराधिक गतिविधियों की पुष्टि करते हैं।विस्तृत विवेचना के बाद पुलिस ने पाया कि आरोपी ने धमधा, राजपुर और परपोडी क्षेत्र में कुल 16.68 एकड़ कृषि भूमि खरीदी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये है। इस पर NDPS Act की धारा 68(F) के तहत कार्रवाई करते हुए सक्षम प्राधिकारी, SAFEMA/NDPS कोर्ट मुंबई के आदेश पर पूरी संपत्ति को फ्रीज कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस मामले में धमधा पुलिस और संबंधित राजस्व व विधिक एजेंसियों ने मिलकर साक्ष्य जुटाए और पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया।
