भिलाई # सीजी। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने सेक्टर-3 स्थित शिव मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) का अवैध कारोबार करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग शिव मंदिर के पास नशीले पदार्थों का सेवन और बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 21.18 ग्राम हेरोइन, 65 हजार रुपये नगद और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
जब्त की कुल कीमत करीब 3 लाख 84 हजार 400 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा मौके से एल्युमिनियम फॉइल, जले हुए नोट और लाइटर भी बरामद किए गए हैं, जो नशे के सेवन में उपयोग किए जाते हैं।गिरफ्तार आरोपियों में हरजिंदर सिंह (23) निवासी न्यू खुर्सीपार, मोन्टी अरोरा (32) निवासी हाउसिंग बोर्ड, सूरज कुमार लोहार (31) निवासी राजनांदगांव, नवजोत सिंह (26) निवासी सेक्टर-4 भिलाई और ईशा कौर (23) निवासी कैंप-1 भिलाई शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना भिलाई भट्ठी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 और 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रकरण में संगठित अपराध से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं और मामले की जांच जारी है।
