मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर शनिवार देर रात दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार समेत पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के कुसुम्हा-बसारथपुर के पास रात करीब 2:30 बजे मऊ की तरफ से आ रही एक एसयूवी अचानक अनियंत्रित हो गई। पहले वाहन डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रहे ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों में गोरखपुर जनपद के खोराबार थाना क्षेत्र के रानीडीहा निवासी 53 वर्षीय विनय श्रीवास्तव, उनकी 58 वर्षीय पत्नी अर्चना श्रीवास्तव, 27 वर्षीय इकलौते पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव, चालक 28 वर्षीय पुरुषोत्तम कुमार और सह चालक 20 वर्षीय नितीश शामिल हैं। बताया जा रहा है कि परिवार रांची में बेटी की शादी के बाद वापस गोरखपुर लौट रहा था।

प्राथमिक जांच में हादसे की वजह चालक को आई झपकी मानी जा रही है, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर और फिर ट्रेलर से जा भिड़ी।हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त एसयूवी को काटकर सुबह करीब 5 बजे सभी शवों को बाहर निकाला गया।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रेलर को जब्त कर थाने लाया गया है। दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी को ट्रैक्टर की मदद से सड़क किनारे हटाकर आवागमन बहाल कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *