भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में कॉपर वायर चोरी मामले में पुलिस ने गिरोह के सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने निगरानीशुदा बदमाश शत्रुघन धनकर (43) को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया है।

मामला 3 फरवरी 2026 का है, जब केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने भिलाई इस्पात संयंत्र के जलभवन के पीछे स्थित प्रोपेन प्लांट क्षेत्र से कॉपर वायर चोरी की सूचना दी थी। लिखित रिपोर्ट के आधार पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पहले आरोपी संतोष निषाद (35), निवासी स्टेशन मरोदा, उत्कल नगर भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने साथी शत्रुघन धनकर और अन्य के साथ मिलकर संयंत्र की बाउंड्री वॉल पार कर अंदर घुसने और हुंडई सेंट्रो कार (CG-04-E-9100) में करीब 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर लोड कर चोरी करने की बात स्वीकार की।

चोरी की गई सामग्री को ले जाते समय CISF की टीम ने उन्हें पकड़ लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 210 किलोग्राम कॉपर स्क्रैप वायर, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 36 हजार 500 रुपये बताई गई है, और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त कर लिया है।आगे की विवेचना में मुख्य सरगना शत्रुघन धनकर की भूमिका सामने आने के बाद उसे 6 फरवरी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी निगरानीशुदा बदमाश है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *